सुल्तानपुर। जिले के उद्यमियों की मांग पर जिला लघु उद्योग भारती एवं भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की ओर से जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र कार्यालय के सभागार में शनिवार को लगातार तीसरे दिन शिविर लगाया गया। इसके साथ कादीपुर में भी शिविर का आयोजन किया गया। इन शिविरों में 24 उद्यमियों ने 150 करोड़ के निवेश प्रस्ताव के एमओयू पर हस्ताक्षर किया। इससे 795 लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है।
शहर में शनिवार को तीसरे दिन लगाए गए शिविर में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 14 उद्यमियों ने 106 करोड़ के एमओयू पर हस्ताक्षर किया। कादीपुर में आयोजित शिविर में 10 उद्यमियों ने 44 करोड़ के एमओयू पर हस्ताक्षर किया है। दोनों जगहों पर 24 उद्यमियों की ओर से 150 करोड़ के एमओयू हस्ताक्षरित किए गए हैं। इससे 795 लोगों को रोजगार मिलेगा।
लघु उद्योग भारती के संयोजक व भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री रवींद्र त्रिपाठी ने बताया कि संगठन की ओर से लगाए गए शिविर में तीन दिन में 124 उद्यमियों ने 750 करोड़ निवेश के एमओयू पर हस्ताक्षर किया है। इससे 7,555 लोगों को रोजगार मिलेगा।
अशोक बरनवाल ने फ्लोर मिल, अजय कुमार ने स्टील फैब्रिकेशन, आनंद कुमार ने आयरन उद्योग, अनिल यादव ने आयरन, शशांक सिंह ने सरिया रिंग दरवाजा उद्योग, हरिश्चंद्र ने पेपर कप एंड प्लेट उद्योग, आदर्श श्रीवास्तव ने पशुपालन, सासू त्रिपाठी ने मारीला रेस्टोरेंट एंड इवेंट ऑर्गनाइजेशन, पवन यादव ने पशुपालन, अजय कुमार ने मैदा मिल, विजय नारायण ने निर्माण के क्षेत्र में उद्योग लगाने के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किया है।
इस मौके पर लघु उद्योग भारती के संयोजक व भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश संगठन मंत्री अनूप श्रीवास्तव, जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र के प्रधान सहायक मो. सकलैन व अन्य लोग मौजूद रहे। ।