सुल्तानपुर। जिले के 15025 स्नातक वोटर अपना एमएलसी चुनने के लिए सोमवार को मतदान करेंगे। मतदान के लिए 20 केंद्र बनाए गए हैं। रविवार को कलेक्ट्रेट से रवाना की गईं पोलिंग पार्टियां शाम तक केंद्रों पर पहुंच गईं।
गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए सोमवार सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतदान के लिए हर मतदान केंद्रों पर पुलिस के साथ एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके साथ ही पांच जोनल मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं।
जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ पुलिस क्षेत्राधिकारी मतदान केंद्रों का जायजा लेंगे। मतदान कराने के लिए पोलिंग पार्टियां रविवार दोपहर कलेक्ट्रेट से रवाना की गईं जो शाम तक मतदान केंद्रों पर पहुंच गईं। डीएम रवीश गुप्ता ने कहा कि खंड स्नातक एमएलसी चुनाव में बाधा पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया गया है।
खंड स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए जिले में 20 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। ये केंद्र शहर में नगर पालिका व जिला पंचायत के साथ ब्लॉक कार्यालयों में बने हैं। हर मतदान केंद्र के लिए मतदाताओं को आवंटित किया गया है। केंद्रों पर अधिकतम 16 किमी, दूर तक के वोटरों को शामिल किया गया है।
डीएम ने बताया कि एमएलसी चुनाव के लिए जिले में 15,025 मतदाता बनाए गए हैं। चार बजे मतदान समाप्ति के बाद मतपेटियां कलेक्ट्रेट में एकत्र होंगी। मजिस्ट्रेट की देखरेख में मतपेटियों को गोरखपुर भेजा जाएगा। मतों की गणना दो फरवरी को गोरखपुर में होगी।