सुल्तानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह टायर फटने से अनियंत्रित हुई एक एसयूवी पलट गई। इस हादसे में एसयूवी पर सवार पांच लोग घायल हो गए। यूपीडा के कर्मियों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
यह हादसा कूरेभार क्षेत्र में हुआ। कादीपुर क्षेत्र के मुड़िला निवासी कृष्ण कुमार शनिवार सुबह एसयूवी से परिवार के सुनील, आरती, शिखर और नंदिनी के साथ पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से होते हुए लखनऊ जा रहे थे। कूरेभार इलाके में वाहन का टायर फट गया और एसयूवी सड़क पर पलट गई। हादसे में एसयूवी सवार सभी पांचों लोग घायल हो गए।
यूपीडा के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और वाहन में फंसे सभी लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। घायल हुए लोगों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।