सुल्तानपुर। करौंदीकलां क्षेत्र के कटघरपूरे चौहान गांव में आयोजित सात दिवसीय अंतरजनपदीय सोनवा बाबा क्रिकेट प्रतियोगिता बृहस्पतिवार को लंभुआ की टीम ने जीत ली। उसने शाहगंज की टीम को 10 रनों से पराजित किया।
लंभुआ की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। लंभुआ के बल्लेबाजों ने निर्धारित 10 ओवरों में पांच विकेट पर 165 रन बनाए। जवाब में उतरी जौनपुर जिले की शाहगंज टीम 155 रन ही बना सकी। इस तरह लंभुआ की टीम ने 10 रनों से मैच जीत लिया।
विजेता टीम को मुख्य अतिथि व पूर्व प्रधान शिव रक्षा उपाध्याय ने ट्रॉफी व 25 हजार रुपये दिए। वहीं, उपविजेता टीम को 14 हजार रुपये की धनराशि से पुरस्कृत किया। लंभुआ के रवि को प्लेयर ऑफ द मैच व शाहगंज टीम के ओम प्रकाश को प्लेयर ऑफ द सीरीज पुरस्कार से नवाजा गया।