सुल्तानपुर। कादीपुर कोतवाली प्रभारी, दरोगा व दो सिपाहियों को एसपी ने लाइन हाजिर कर दिया है। यह कार्रवाई उगाही के दौरान युवक की मौत के मामले में कार्रवाई गई है। एसओ चांदा रवि कुमार सिंह को कादीपुर का प्रभारी बनाया गया है।
क्षेत्र के अटरा राईबीगो में जगन्नाथ सिंह के घर रहने वाला उनका साला अंकुश सिंह गत सोमवार रात ट्रैक्टर ट्रॉली पर चिलबिल की जलौनी लकड़ी लादकर घर जा रहा था। आरोप है कि दरोगा अखिलेश सिंह, सिपाही जितेंद्र, दानिश आदि ने रास्ते में धर्मकांटा के पास अंकुश को रोका। आरोप है कि सिपाहियों ने उससे रुपये की मांग की। अंकुश ने रुपये देने से जब मना कर दिया तो सिपाही खुद ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर थाने ले जा रहे थे।
आरोप है कि पुलिस ने अंकुश और दो मजदूरों को ट्रैक्टर के बोनट पर बैठाया था। रास्ते में ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई और अंकुश की दबकर मौत हो गई थी। दोनों मजदूर भी मामूली जख्मी हो गए थे। पुलिस ने उमाशंकर सिंह की तहरीर पर कादीपुर इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह, दरोगा अखिलेश सिंह, सिपाही दानिश, जितेंद्र व एक अज्ञात के खिलाफ लापरवाही से हुई मौत का केस दर्ज किया था। तीन दिन बाद एसपी सोमेन बर्मा ने इंस्पेक्टर, दरोगा व दोनों सिपाहियों को लाइन हाजिर करते हुए चांदा प्रभारी रवि कुमार सिंह को कादीपुर का कोतवाल बनाया है।