दोस्तपुर (सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र दोस्तपुर के बस्ती पहाड़पुर जनकपुर गांव में मंंगलवार सुबह युवक का शव नीम के पेड़ की डाल से लटका देखा गया था। बुधवार को उसके पिता की तहरीर पर दोस्तपुर थाने में गांव के ही दो युवकों समेत एक महिला के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया।
दोस्तपुर थाना क्षेत्र के बस्ती पहाड़पुर जनकपुर गांव निवासी अवधेश गौतम के पुत्र स्वप्निल (21) का शव मंगलवार सुबह गांव में ही स्थित एक नीम के पेड़ की डाल से साड़ी के फंदे पर लटका हुआ मिला था। इस घटना में बुधवार को मृतक के पिता अवधेश ने दोस्तपुर थाने में तहरीर दी।
उनका आरोप है कि मंगलवार की भोर गांंव के ही सूरज निषाद, आकाश व अनुराधा की मां उनके घर पर आए थे। वे सभी उनके बेटे स्वप्निल को बुलाकर ले गए थे। जब स्वप्निल घर नहींं लौटा तो उसके बारेे में पूछने के लिए अनुराधा के घर गया।
आरोप है कि वहां मौजूद विपक्षियों ने उसे जातिसूचक शब्दों के साथ कहा कि अब तुम्हारा बेटा नहीं आएगा। इसके बाद उसे विपक्षियों ने भगा दिया। इसके कुछ देर बाद ग्राम प्रधान ने फोन करके उन्हें स्वप्निल की मौत की जानकारी दी। प्रभारी निरीक्षक दोस्तपुर लक्ष्मीकांत मिश्र ने बताया कि अवधेश की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।