फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sultanpur News: कड़ी सुरक्षा में कोर्ट में पेश किए गए सांसद संजय सिंह

Thu, 08 Feb 2024 12:43 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर
विज्ञापन
कोर्ट में पेश होने के लिए पुलिस वाहन से उतरते सांसद संजय सिंह। -संवाद
विज्ञापन
सुल्तानपुर। दिल्ली की तिहाड़ सेंट्रल जेल-दो में निरुद्ध आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को पुलिस ने बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ कोर्ट में पेश किया। एमपी-एमएलए की विशेष अदालत में विचाराधीन घेरा डालो-डेरा डालो केस में सांसद का बयान दर्ज किया गया।
विज्ञापन


उन्होंने मुकदमे को राजनीति से प्रेरित बताया और लिखित बयान दाखिल करने के लिए अर्जी दी। एमपी-एमएलए की विशेष अदालत के मजिस्ट्रेट योगेश कुमार यादव ने अर्जी पर अभियोजन पक्ष से आपत्ति मांगते हुए सुनवाई के लिए 14 फरवरी की तिथि नियत की है। अदालती कार्रवाई निपटने के बाद सांसद को पुलिस तिहाड़ सेंट्रल जेल ले गई।

बचाव पक्ष के अधिवक्ता रुद्र प्रताप मदन सिंह के मुताबिक 23 अक्तूबर 2008 को तत्कालीन बसपा सरकार के खिलाफ शहर के तिकोनिया पार्क में सपा ने घेरा डालो-डेरा डालो कार्यक्रम आयोजित किया था। सपाइयों पर आरोप है कि कलेक्ट्रेट के सामने सड़क जामकर प्रदर्शन किया था।
विज्ञापन


सपा के पूर्व विधायक अनूप संडा, मौजूदा समय में आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह, एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह, गौरीगंज के सपा विधायक राकेश सिंह, सपा जिलाध्यक्ष रघुवीर यादव समेत कई सपाइयों के खिलाफ कोतवाली नगर में केस दर्ज किया गया था।

पुलिस ने 98 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। इनमें से 16 आरोपियों की मौत हो गई है। पिछले दिनों सांसद संजय सिंह को कोर्ट ने जेल से तलब किया था। दिल्ली में हुए शराब घोटाले में तिहाड़ सेंट्रल जेल-दो में निरुद्ध आप सांसद संजय सिंह को पुलिस ने सद्भावना एक्सप्रेस से लाकर बुधवार को सवा 11 बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ कोर्ट में पेश किया।

मामले की सुनवाई कर रहे एमपी-एमएलए की विशेष अदालत के मजिस्ट्रेट योगेश कुमार यादव ने सांसद का बयान दर्ज किया। सांसद ने मुकदमे को राजनीति से प्रेरित होकर दर्ज किया जाना बताया और खुद को बेगुनाह साबित करने के लिए गवाही पेश करने की बात कही।

उनके अधिवक्ता रुद्र प्रताप मदन सिंह ने बताया कि सांसद ने कोर्ट में अर्जी देकर अपना लिखित बयान दाखिल करने की अनुमति मांगी है। कोर्ट ने अर्जी पर अभियोजन पक्ष की ओर से पैरवी कर रहे शासकीय अधिवक्ता वैभव पांडेय व कालिका प्रसाद मिश्र से आपत्ति मांगी है। कोर्ट ने मामले में अगली सुनवाई के लिए 14 फरवरी की तिथि नियत की है।


समर्थकों ने लगाए नारे, लगा रहा जमावड़ा
कोर्ट में आप सांसद संजय सिंह की पेशी की जानकारी पाकर उनके समर्थक दीवानी न्यायालय पहुंच गए। समर्थकों ने सांसद को बेगुनाह बताते हुए जमकर नारे लगाए। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ भी नारे लागए। इस मौके पर आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह, जिलाध्यक्ष बृजेश प्रजापति, जिला उपाध्यक्ष जय प्रकाश यादव, जिला सचिव धर्मेंद्र जायसवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष शोहरत अली, अशोक सिंह, माशूक अली, श्याम नरायन पांडेय, छात्र इकाई के वंशराज दुबे, इसाैली विधानसभा प्रभारी अशफाक अहमद, कादीपुर विधानसभा प्रभारी सुरेश गौतम समेत कई आप नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


पहली बार पुलिस अभिरक्षा में पहुंचे सांसद के तेवर नहीं दिखे नरम
जन आंदोलन से तालुक रखने वाले आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह पहली बार बुधवार को पुलिस अभिरक्षा में कोर्ट लाए गए। पुलिस अभिरक्षा में होने के बाद भी सांसद का पुराना तेवर कायम रहा। उनके चेहरे पर कोई शिकन नहीं दिखाई पड़ी। हालांकि, पुलिस की सख्ती के कारण वे समर्थकों से बात नहीं कर पाए। उन्हें पुलिस अभिरक्षा में देखकर समर्थकों में नाराजगी देखी गई। इससे पहले सांसद कोर्ट में कई बार पेशी पर स्वयं हाजिर होते थे। उस दौरान वे समर्थकों के साथ ही वकीलों से बातचीत करते देखे जाते थे।



कोर्ट में आधे घंटे रहे सांसद
आप सांसद संजय सिंह को पुलिस सद्भावना एक्सप्रेस से लेकर बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे सुल्तानपुर पहुंची। पुलिस ने उन्हें रेलवे के गेस्ट हाउस में करीब 11 बजे तक रखा। ठीक 11:15 बजे सांसद को लेकर पुलिस कोर्ट पहुंची। वे अदालत में करीब आठ घंटे रहे। दोपहर पौने 12 बजे सांसद को पुलिस कोर्ट से लेकर चली गई। इस दौरान वे अपने समर्थकों से बात नहीं कर पाए।


असत्य पर होगी सत्य की जीत : जिलाध्यक्ष
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष बृजेश प्रजापति का कहना है कि सांसद संजय सिंह के खिलाफ फर्जी केस दर्ज कराया गया था। असत्य पर सत्य की जीत होगी और सांसद बेगुनाह साबित होंगे। कहा कि सांसद सदैव गरीबों की लड़ाई लड़ते रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें