सुल्तानपुर। करीब चार साल से आवागमन में रोज दुश्वारियां झेल रहे लगभग 100 गांवों के लोगों को जल्द ही सहूलियत मिल जाएगी। बदहाल पड़े करीब 13.5 किमी कटका-मायंग मार्ग का 31 करोड़ रुपये से निर्माण शुरू हो गया है। बारिश को नजदीक देखते हुए विभाग ने काम तेज करा दिया है।
सुल्तानपुर-अयोध्या हाईवे से कटका के पास से निकलने वाला मायंग मार्ग करीब चार साल पहले जर्जर हो गया था। मार्ग के निर्माण का मुद्दा स्थानीय लोगों ने कई बार उठाया। बीते विधानसभा चुनाव में मार्ग के निर्माण का मुद्दा उठा था। साथ ही निवर्तमान सांसद मेनका गांधी के सामने भी प्रकरण उठा था। अधिकारियों व माननीयों के निर्देश पर लोक निर्माण प्रांतीय खंड की ओर से भेजा गया दो बार प्रस्ताव खारिज हो गया था।
करीब छह माह पहले फिर पीडब्ल्यूडी की ओर से भेजे गए प्रस्ताव पर शासन ने मुहर लगा दी है। मार्ग के निर्माण के लिए करीब 31 करोड़ रुपये की शासन ने स्वीकृति देते हुए पहली किस्त की धनराशि लोकसभा चुनाव के पहले आवंटित कर दी थी। चुनाव की अधिसूचना लागू होने के पहले विभाग ने टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली थी। विभाग ने अब निर्माण कार्य शुरू करा दिया है।
चुनाव समाप्त होते ही निर्माण कार्य में तेजी आ गई है। विभाग की ओर से करीब 13.5 किमी मार्ग को दो लेन बनाने के साथ ही सुदृढ़ीकरण कराया जा रहा है। निर्माण से इस मार्ग से जुड़े करीब 100 गांवों के लोगों का आवागमन आसान हो जाएगा। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशाषी अभियंता संतोषमणि त्रिपाठी ने बताया कि मार्ग का निर्माण कार्य चल रहा है। बारिश के पहले ही मार्ग का कार्य पूरा करने की कोशिश जारी है।
मार्ग के घटिया निर्माण का आरोप
कटका-मायंग मार्ग के चल रहे निर्माण में लोगों ने सीसी रोड व पटरी निर्माण में घटिया कार्य कराए जाने का आरोप लगाया है। आरोप लगाया कि कुछ जगह पर गिट्टी उखड़ने लगी है। जानकारी मिलने पर एक्सईएन संतोषमणि त्रिपाठी ने स्वयं सड़क का निरीक्षण कर घटिया निर्माण मिलने पर ठेकेदार पर कार्रवाई करने को कहा है।