सुल्तानपुर। संदिग्ध हालात में 20 दिनों से लापता महिला की तलाश करके थक चुका एक परिवार बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंच गया। अधिकारियों से फरियाद करते हुए महिला के अपहरण का आरोप दामाद पर लगाया। पीड़ित परिवार के अनुसार दामाद ने कुछ दिन पूर्व उनके बेटे पर चापड़ से हमला कर दिया था।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के कुछमुछ गांव के धूमधाम तकीवा पुरवा की रहने वाली खलीकुल निशा 20 दिन पूर्व संदिग्ध हालात में घर से लापता हो गई। मां की तलाश में उसकी बेटी शबीना और बेटा सलमान लगातार खोजबीन कर रहे हैं। शबीना का आरोप है कि उसका पति इकरार मांस का कारोबार करता है। बीते दिनों पति ने उसके भाई सलमान पर चापड़ से हमला कर दिया था जिसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में भर्ती कराया गया था।
पुलिस ने दामाद समेत अन्य के खिलाफ केस भी दर्ज किया था। शबीना का आरोप है कि पति ने उसे घर से निकाल दिया है और अंदेशा है कि उसने ही मां का अपहरण कर लिया है। एसओ कोतवाली देहात कृष्ण मोहन सिंह ने बताया कि मामले में अभी मुकदमा नहीं दर्ज किया गया है। खलीकुल निशा का पता लगाने के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।