फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sultanpur News: सीएचसी पर लगे ज्यादातर हेल्थ एटीएम बने शो-पीस

Thu, 27 Jul 2023 12:07 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर
विज्ञापन
दूबेपुर में हेल्थ एटींएम मरीजों की हो रही जांच।  -सवाद
विज्ञापन
सुल्तानपुर। मरीजों की सुविधा के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में लगाए गए हेल्थ एटीएम साल भर भी नहीं चल सके। महीनों के अंतराल में ही ज्यादातर एटीएम विभिन्न खामियों के चलते शो-पीस बन गए। एटीएम के काम न करने से प्रतिदिन सैकड़ों मरीजों को मायूस हो लौट जाना पड़ता है। चिकित्सकों को जांच करवाने के लिए मरीजों को लैब भेजना पड़ता है। बुधवार को सीएचसी पर पहुंचे मरीजों ने जांच की हकीकत बयां की है। मरीजों के बयान से स्वास्थ्य विभाग की पोल खुल गई है।
विज्ञापन



दो माह से केमिकल खत्म, मशीन ठप
लंभुआसामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्थापित हेल्थ एटीएम में केमिकल खत्म हो गया है। इससे दो माह से मरीजों की जांच नहीं हो पा रही है। चिकित्सकों की ओर से लैब से जांच कराई जा रही है। इससे मरीजों को परेशानी बढ़ गई है। नगर पंचायत के राणानगर निवासी आकाश सिंह हेल्थ एटीएम से जांच नहीं करा पाए। चौकिया निवासी दुर्गेश तिवारी ने कहा कि उन्हें बताया गया कि दो माह से केमिकल खत्म हो जाने की वजह से जांच नहीं हो पा रही है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कुछ जांचें लैब से कराई जा रही हैं।

कोलेस्ट्राल व शुगर की जांच बंद
दूबेपुर के हसनपुर सीएचसी पर लगा हेल्थ एटीएम कोलेस्ट्राल व शुगर की जांच के लिए बेकार साबित हो रहा है। इसकी स्थापना के समय कोलेस्ट्राॅल जांच की स्ट्रिप डेमो के लिए आई थी। इसके बाद अभी तक स्ट्रिप की आपूर्ति सीएचसी पर नहीं हो सकी। इससे दोनों जांच नहीं हो पा रही हैं। अन्य कुछ जांचों में भी दिक्कत बनी है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. एपी तिवारी ने बताया कि स्ट्रिप की डिमांड सीएमओ से की गई है। अभी मरीजों को जिला अस्पताल भेजा जा रहा है।
विज्ञापन



करौंदीकलां में सिर्फ तीन तरह की हो रही जांच
करौंदीकलां व अखंडनगर सीएचसी में भी हेल्थ एटीएम लगाया गया है। अखंडनगर में एटीएम से जांच नहीं हो पा रही है। इसके पीछे तकनीकी खामी बताई जा रही है जबकि करौंदीकलां सीएचसी पर सिर्फ हीमोग्लोबिन, शुगर व बीपी की जांच हो पा रही है। यही तीनों किट मौजूद है। अन्य जांचों के लिए मरीजाें को निजी पैथोलॉजी जाना पड़ता है। हालांकि चिकित्सा प्रभारी डॉ. केके वर्मा ने बताया कि अभी ऑक्सीजन, वेट, हीमोग्लोबिन, शुगर व बीएमआई की जांच की जा रही है।


13 जुलाई से ही बीपी की जांच ठप
बल्दीराय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर जनवरी से संचालित हेल्थ एटीएम से बीपी की जांच बंद हो गई है। इसके अलावा कुछ तकनीकी खामियां बताई जा रही हैं। फिलहाल लैब टेक्नीशियन विजय कुमार की ओर से अन्य जांच होने का दावा किया जा रहा है। बुधवार को सेजल, शकूर खान, बबिता तिवारी व रमा शुक्ला की जांच की गई। सीएचसी प्रभारी राजेश प्रजापति ने बताया कि कुछ दिक्कतें आ रही हैं। इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को भेजी गई है।

जिले में लगे आठ हेल्थ एटीएम
शासन के निर्देश पर जिले में आठ सीएचसी पर हेल्थ एटीएम लगाए गए हैं। बिरसिंहपुर में हेल्थ एटीएम लगाने का काम चल रहा है। आठ एटीएम लगने के बाद भी ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को निशुल्क जांच की सुविधा नहीं मिल पा रही है। प्रतिदिन सैकड़ों मरीजाें को क्षेत्रीय पैथोलॉजी व अस्पताल के लैब से जांच करानी पड़ती है। इस वजह से मरीजाें की परेशानी बढ़ गई है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी हेल्थ एटीएम संचालित होने का दावा किया जा रहा है।


सभी हेल्थ एटीएम सही चल रहे
सीएमओ डॉ. डीके त्रिपाठी ने बताया कि आठ एटीएम में से तकरीबन सभी चल रहे हैं। कहीं कुछ खराबी होगी तो उसे दूर करा दिया जाएगा। बिरसिंहपुर में जल्द हेल्थ एटीएम लग जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें