ट्रेन लेट होने की वजह से तीन बार बदला कार्यक्रम
-सरकार की उपलब्धियों का किया बखान
संवाद न्यूज एजेंसी
सुल्तानपुर। केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाने के लिए पहुंचे उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री की ट्रेन इतनी लेट हुई कि तीन बार कार्यक्रम समय बदलना पड़ा। आखिर में उन्हें लखनऊ से सड़क यात्रा करनी पड़ी। फिलहाल उन्होंने प्रधानमंत्री के नौ साल पूरे होने पर सरकार का बखान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
उत्तराखंड सरकार के शिक्षा, स्वास्थ्य व सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत बृहस्पतिवार को महासंपर्क अभियान के क्रम में जिले में प्रेस वार्ता कर रहे थे। तीन बार समय बदलने के बाद दोपहर डेढ़ बजे से प्रेस वार्ता शुरू हो सकी। मंत्री ने बताया कि वर्ष 2014 के बाद से हर साल 50,000 से ज्यादा एमडी चिकित्सक देश को मिल रहे हैं। जबकि सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी का कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के बाद से उत्तराखंड में सैलानियों की संख्या में कई गुना वृद्धि हुई है। सुल्तानपुर जिले के बारे में बताया कि सीताकुंड पर पर्यटन की दृष्टि से विकास कार्य किए जा रहे हैं। वहीं भाजपा के महासंपर्क अभियान के बारे में भी बात की। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. आरए वर्मा, सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय, कादीपुर विधायक राजेश गौतम, जिला प्रवक्ता विजय रघुवंशी आदि मौजूद थे। संवाद