सुल्तानपुर। शिक्षा विभाग के तत्वावधान में मंडलीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन डॉ. भीमराव अंबेडकर राज विद्यालय क्रीड़ा संस्थान स्पोर्ट्स स्टेडियम मकबरा में किया गया। प्रतियोगिता में अयोध्या मंडल के दो जिलों की टीमों ने हिस्सेदारी की। इस दौरान खेले गए सब जूनियर वर्ग के मुकाबले में सुल्तानपुर के महात्मा गांधी स्मारक (एमजीएस) इंटर कॉलेज की टीम ने जीत हासिल की जबकि जूनियर वर्ग में अयोध्या ने सुल्तानपुर की टीम को हरा कर खिताब जीता।
मैच का उद्घाटन प्रभारी प्रशासनिक अधिकारी नरेंद्र पाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद किया। सब जूनियर वर्ग में सुल्तानपुर और अयोध्या के बीच खेले गए फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। मैच के अंतिम क्षणों में सुल्तानपुर के युवराज शर्मा ने टीम के लिए विजयी गोल कर जीत दिलाई।
जबकि जूनियर ग्रुप का फाइनल मैच अयोध्या के भारती इंटर कॉलेज और सुल्तानपुर के एमजीएस इंटर कॉलेज की टीम के बीच खेला गया। इसमें अयोध्या ने सुल्तानपुर को दो के मुकाबले तीन गोलों से पराजित किया। दोनों ही ग्रुप की विजेता टीमें अब स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी कप प्रतियोगिता में खेलेंगी।
मैच में राजीव यादव, सुरेश कुमार व रोहित ने निर्णायक की भूमिका निभाई इस अवसर पर विद्यालय क्रीड़ा समिति सुल्तानपुर के सचिव दिलीप कुमार सिंह, धर्मेंद्र सिंह, अभिषेक सिंह, सीपी सिंह व अशोक कुमार उपस्थित रहे।