अखंडनगर (सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र अखंडनगर के भुवनेश्वरनाथ धाम बेलवाई के निकट स्थित तालाब में रविवार रात स्नान कर रहे दो श्रद्धालुओं की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। जौनपुर निवासी दोनों श्रद्धालु मामा-भांजे थे। सोमवार सुबह गोताखोरों की मदद से दोनों के शव निकाले गए।
जौनपुर जिले के शाहगंज कोतवाली क्षेत्र निवासी देवदत्त उर्फ आनंद उपाध्याय (18) अपने मामा मोहित (23) निवासी नगवा थाना खुटहन, जौनपुर के साथ रविवार रात अखंडनगर थाना क्षेत्र के भुवनेश्वरनाथ धाम बेलवाई आए थे। बताया जा रहा है कि पूजन करने से पहले रात करीब 10:30 बजे दोनों स्नान करने के लिए तालाब पर पहुंचे। उस समय वहां काफी भीड़ थी। पहले आनंद नहाने के लिए तालाब में उतरा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अचानक आनंद सीढ़ियों पर से फिसलकर गहरे पानी में डूबने लगा। यह देख उसे बचाने के लिए मामा मोहित तालाब में कूद गया। कुछ देर बाद दोनों तालाब के गहरे पानी में डूब गए। भीड़ अधिक होने के बाद भी दोनों को डूबने से नहीं बचाया जा सका।
स्थानीय दुकानदारों ने रात में ही घटना के बारे में अखंडनगर थाने की पुलिस को बता दिया। सोमवार सुबह पांच गोताखोरों की मदद से दोनों के शव को तालाब से बाहर निकलवाया गया। अखंडनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दोनों को मृत घोषित कर दिया गया।
उप जिलाधिकारी कादीपुर महेंद्र श्रीवास्तव भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने भीड़ को देखते हुए स्नान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए रस्सी से तालाब की बैरिकेडिंग आदि के निर्देश दिए। थानाध्यक्ष अखंडनगर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।