कूरेभार (सुल्तानपुर)। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही का मामला सामने आया। एक प्रसूता की मौत हो गई जबकि नवजात बच्ची सुरक्षित है। हालांकि चिकित्सक इस बारे में कुछ बताने को तैयार नहीं हैं।
शुक्रवार को धनपतगंज ब्लाॅक क्षेत्र के टीकर गांव निवासी कृष्ण कुमार की 30 वर्षीय पत्नी चंद्रावती को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। इस पर वह आशा बहू नीता मिश्रा के साथ पत्नी को लेकर सीएचसी कूरेभार सुबह 10 बजे पहुंच गए। अस्पताल में तैनात एएनएम संतोष मिश्रा ने प्रसव कराया, करीब तीन बजे एक बच्ची पैदा हुई।
बच्ची के जन्म के बाद प्रसूता की हालत बिगड़ने लगी। जब तक चिकित्सक उसके पास पहुंचते, तब तक उसकी मौत हो गई थी। इस संबंध में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज कुमार से फोन पर कई बार संपर्क किया गया लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।