सुल्तानपुर। सराफा डकैती कांड के मास्टरमाइंड गैंगस्टर विपिन सिंह को पुलिस रिमांड पर लेगी। शुक्रवार को विवेचक नगर कोतवाल ने उसे रिमांड पर लेने की अर्जी दी है। सीजेएम नवनीत सिंह ने आरोपी को शनिवार को कोर्ट में तलब किया है। आरोपी के कोर्ट में पेश किए जाने पर पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसीआर) के मुद्दे पर सुनवाई होगी।
कोतवाली नगर क्षेत्र के चौक स्थित भरतजी सोनी की सराफा दुकान में 28 अगस्त को दिनदहाड़े हुई डकैती के मास्टरमाइंड अमेठी जिले के मोहनगंज थाने के भवानीपुर गांव निवासी विपिन सिंह को पुलिस ने रायबरेली जेल से बृहस्पतिवार को सीजेएम कोर्ट में पेश किया था। सीजेएम नवनीत सिंह ने आरोपी को 17 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेजने और विवेचक को जेल में ही उसका बयान लेने का आदेश दिया था।
सराफा डकैती कांड की विवेचना कर रहे नगर कोतवाल एके द्विवेदी ने शुक्रवार को रायबरेली जेल में विपिन सिंह का बयान दर्ज किया। इसके बाद कोतवाल ने दोपहर बाद सीजेएम कोर्ट में अर्जी देकर उसको रिमांड पर देने की मांग की। विवेचक की अर्जी पर सीजेएम ने गैंगस्टर विपिन सिंह को रायबरेली से लाकर कोर्ट में पेश करने का आदेश दिया है। शनिवार को आरोपी को पुलिस कस्टडी रिमांड पर देने के मुद्दे पर सुनवाई होगी।