लंभुआ के धनुषपुर गांव के पास महिला का शव मिलने के बाद जमा ग्रामीणों की भीड़। - संवाद
लंभुआ (सुल्तानपुर)। कोतवाली क्षेत्र लंभुआ के धनुषपुर गांव के पास सोमवार दोपहर एक विवाहिता का शव सरपत के झुरमुट में मिला। उसके गले में मफलर था। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। लोग हत्या की आशंका व्यक्त कर रहे हैं।
लंभुआ कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-वाराणसी फोरलेन स्थित धनुषपुर गांव के पास सोमवार दोपहर सरपत के झुरमुट में ग्रामीणों ने एक महिला का शव पड़ा देखा। पता चलने पर बड़ी संख्या में गांव वालों की भीड़ घटनास्थल पर इकट्ठा हो गई। बताया जा रहा है कि मृतका के गले में एक मफलर पड़ा हुआ था।
सूचना पर पहुंची लंभुआ कोतवाली पुलिस ने स्थानीय लोगों से मृतका के बारे में पूछताछ की। फिर भी उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। ग्रामीणों ने हत्या की आशंका व्यक्त की है। चर्चा है कि मफलर से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव सरपत के झुुरमुट में फेंक दिया गया।
इस संबंध में लंभुआ कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि शव की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। मौत के संबंध में अभी कोई भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।