सुल्तानपुर। जिले के तीन दिवसीय दौरे पर सोमवार शाम पहुंच रहीं सांसद मेनका गांधी बुधवार को शहर के गोलाघाट से टेढ़ुई फोरलेन मार्ग का शिलान्यास करेंगी। इसके अलावा सांसद मंगरावां में पुष्टाहार निर्माण इकाई का लोकार्पण भी करेंगी। कार्यालय से सूचना मिलने पर जिला प्रशासन ने उनका कार्यक्रम जारी कर दिया है।
मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि 11 दिसंबर को सांसद दिल्ली से सड़क मार्ग से होते ही शाम को जिले में पहुंचेंगी। लोगों से मुलाकात के बाद शहर के शास्त्रीनगर स्थित अस्थायी आवास पर रात्रि विश्राम करेंगी। 12 व 13 दिसंबर की सुबह वह आवास पर लोगों से मुलाकात करने के बाद गांवों में आयोजित चौपाल समेत अन्य कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। बताया कि 13 दिसंबर को दोपहर बाद सांसद सड़क मार्ग से होते हुए दिल्ली वापस चली जाएंगी। सांसद के आगमन की तैयारियां पूरी हो गई हैं।