सुल्तानपुर दीवानी न्यायालय के लॉकअप में लडाई के बाद अस्पताल में बंदी का इलाज कराते पुलिस कर्मी।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। जिला कारागार से मंगलवार को दीवानी न्यायालय पेशी पर लाया गया बंदी लॉकअप में संदिग्ध हालत में घायल हो गया। गंभीर हालत में बंदी को पुलिस कर्मियों ने इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। बंदी ने पुलिस कर्मियों पर पिटाई करने का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस ने बंदी के खुद ही लॉकअप में सिर टकराकर चोटिल होने की बात कही है।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के पखरौली गांव निवासी अख्तर आबिद चोरी का माल बरामद होने के मामले में जिला कारागार में निरुद्ध है। मंगलवार को पुलिस अख्तर आबिद को जिला जेल से दीवानी न्यायालय पेशी पर लाई थी। कोर्ट परिसर में स्थित लॉकअप में दोपहर बाद हंगामा होने लगा। हंगामा होने के दौरान लॉकअप के अंदर से एक बंदी बचाव के लिए गुहार लगा रहा था।
मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने बंदी अख्तर आबिद को बाहर निकाला तो उसका सिर फटा हुआ था और खून बह रहा था। गंभीर हालत में बंदी को पुलिस जिला अस्पताल ले गई, जहां उसका उपचार किया गया। पुलिस ने शाम करीब पांच बजे उपचार के बाद बंदी को जेल में दाखिल करा दिया। जेल अधीक्षक उमेश प्रताप सिंह ने बताया कि बंदी ने पुलिस कर्मियों पर पिटाई करने का आरोप लगाया है।