सुल्तानपुर। शहर के सिविल लाइंस स्थित जजेज काॅलोनी में महिला जज के घर काम करने वाली नौकरानी ने आलमारी से हीरा जड़ित कान की बाली चोरी कर लिया। महिला जज के पति ने मंगलवार को नौकरानी पर जेवरात चोरी करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
दीवानी न्यायालय में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सीनियर डिवीजन किरन गौड़ के पति आराजीबाग सदर, कोतवाली आजमगढ़ निवासी आशुतोष कुमार ने मंगलवार को कोतवाली नगर में तहरीर दी। बताया कि पत्नी किरन गौड़ दीवानी न्यायालय में न्यायाधीश के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपने आवास पर बच्चों की देखरेख व घरेलू काम के लिए लोटिया थाना लंभुआ निवासी सविता मिश्रा को रखा था। आरोप लगाया कि सविता उनके आवास से कुछ सामान व पैसे की चोरियां करती थी। उसको कई बार नजरअंदाज किया। एक बार उसने आलमारी के लॉकर से लगभग 22 हजार रुपये निकाल लिया थे। उस समय पूछा गया तो उसने साफ इंकार कर दिया।
इस घटना के कुछ दिनों बाद कमरे में एक बैग में रखी करीब 80 हजार रुपये की हीरा जड़ित कान की बाली को उसने चुरा लिया। घटना के बाद जब सविता से कड़ाई से पूछताछ की गई तो वह टालमटोल करने के साथ काम छोड़ने और हिसाब की बात करने लगी। अब उसने काम पर आना भी छोड़ दिया है। उनकी तहरीर पर कोतवाली नगर में आरोपी सविता के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक श्रीराम पांडेय ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। घटना की जांच की जा रही है।