अलीगंज (सुल्तानपुर)। नंद गांव में नंदजी के यहां लाला होने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई। ब्रजवासी सब निहाल होकर उत्सव में डूब गए। ये बातें कथावाचक देवी चित्रलेखा ने कहीं। वह बुधवार को पांचवें दिन क्षेत्र के पूरे लेदई गांव में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में प्रवचन कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि नारायण की लीलाओं को देखने देव व गंधर्व भी अपने स्वरूप बदल कर बृज की पावन धरा पर पहुंच गए। महादेव भी कैलाश से साधु वेश में नंद के द्वार पहुंचे और माता यशोदा से नारायण के दर्शन की इच्छा जताई। यशोदा मैया किसी भी सूरत में अपने लल्ला को बाहर नहीं लाना चाहती थीं।
महादेव ने द्वार पर डेरा डाल दिया और नारायण की आराधना करने लगे। बाल स्वरूप नारायण ने महादेव के दर्शन की अभिलाषा से रुदन करना शुरू कर दिया। नंद का पूरा घर कान्हा के रुदन से परेशान हो गया।
अंत में यशोदा मैया ने लाला को गोद में लेकर साधु वेशधारी महादेव के सामने लेकर पहुंची। नारायण ने शिव का दर्शन करते हुए एक-दूजे को प्रणाम किया। कथा के समापन पर आईपीएस ब्रजेश मिश्र, मंत्री महेंद्र सिंह, डीआईजी अशोक मिश्र, पूर्व मंत्री जय नारायण तिवारी, पूर्व प्रमुख राम शब्द मिश्र, भाजपा नेता विकास मिश्र, विधायक सीताराम वर्मा आदि ने व्यास पीठ की आरती उतारी। अंत में आयोजक रामचंद्र मिश्र ने अतिथियों का आभार जताया।