सुल्तानपुर। रिश्तेदारी से घर लौट रहे बाइक सवार दंपती से पांच बदमाशों ने असलहे के जोर पर सोने के जेवरात और नकदी लूट ली। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने पति को असलहे के बट से पीटा भी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर लूट का केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू की। देर शाम पुलिस ने लूट की घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर मोबाइल सेट बरामद कर किया है।
गोसाईंगंज क्षेत्र के फतेहपुर गांव एक रिश्तेदार के घर से आए जौनपुर के सराय ख्वाजा क्षेत्र के सलहबीपुर निवासी शैलेंद्र कुमार सिंह अपनी पत्नी सुषमा के साथ बृहस्पतिवार बाइक से वापस जा रहे थे। कादीपुर क्षेत्र के मुजहना गांव के पास दो बाइकों पर सवार पांच बदमाशों ने ओवरटेक कर शैलेंद्र को रोक लिया। शैलेंद्र जब तक कुछ समझते तीन बदमाशों ने उन पर असलहा तान दिया। इसके बाद दो बदमाशों ने सुषमा के गले से सोने की चेन, तीन अंगूठी, झुमका, मोबाइल और डेढ़ हजार रुपये लूट लिए। शैलेंद्र ने लूट का विरोध किया तो बदमाशों ने उनकी पिटाई भी की।
दिनदहाड़े हुई लूट की सूचना मिलते ही सीओ कादीपुर रमेश व इंस्पेक्टर उमेश्वर यादव ने मौके पर पहुंचकर जांच की। सीओ ने बताया कि शैलेंद्र की तहरीर पर लूट का केस दर्ज कर तफ्तीश के दौरान देर शाम लूट की घटना में शामिल आदिल निवासी बनकेगांव हरिश्चंद्रपुर थाना कादीपुर को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से शैलेंद्र का मोबाइल सेट बरामद कर हो गया। फरार अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।