भदैंया (सुल्तानपुर)। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के अयोध्या-प्रयागराज राजमार्ग पर पकड़ी गांव के पास बाइक सवार लाइनमैन को शनिवार रात कार ने पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल लाइनमैन को मेडिकल कॉलेज से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। ट्रॉमा सेंटर में रविवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के भुसका सरायअचल निवासी अर्पित कुमार (32) पकड़ी गांव के पास स्थित पावर हाउस में संविदा लाइन मैन था। शनिवार रात वह पकड़ी पावर हाउस से बाइक से घर जा रहा था। क्षेत्र के प्रतापगंज चौकी अंतर्गत पकड़ी गांव के निकट अर्पित को पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसको मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां से चिकित्सकों ने उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। ट्रॉमा सेंटर में रविवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। लाइनमैन की मौत की जानकारी जब गांव पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया।
प्रतापगंज चौकी प्रभारी प्रवीण मिश्र ने बताया कि घटना की पड़ताल की जा रही है। हादसे के बाद फरार होने वाली कार का पता लगाया जा रहा है।