सुल्तानपुर। जिले में हाईवे के किनारे नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के चल रहे प्रयास में तीन माह उद्यमियों को और इंतजार करना पड़ेगा। मंगलवार को डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई उद्योग बंधु की बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी ने भूमि चिह्नित करने के लिए तीन माह का समय मांगा है। साथ ही उद्योगों के संचालन में आ रही बिजली की समस्या उठने पर इसे जिला उद्योग अधिकारी के यहां दर्ज कराने को कहा गया है। डीएम उसकी मॉनिटरिंग करेंगी।
बैठक में डीएम ने निवेशमित्र पोर्टल पर फूड सेफटी, विद्युत निगम, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, कृषि विभाग के लंबित प्रकरणों को जल्द निस्तारित करने का निर्देश दिया। इसमें अभी तक वित्त पोषित योजनाओं में पीएमईजीपी योजना का लक्ष्य प्राप्त नहीं होने की जानकारी दी गई। साथ ही बीते वित्तीय वर्ष 2023-24 के मार्जिनमनी क्लेम की राशि नहीं मिलने से बैंकों में आवेदन पत्र अभी नहीं प्रेषित करने की जानकारी उद्यमियों को दी गई। इसमें 23 विभागों के हस्ताक्षरित एमओयू में ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के लिए 139 इकाइयों के तैयार होने की जानकारी दी गई, इससे संबंधित समस्याओं के निस्तारण की जिम्मेदारी उद्योग मित्र को दी गई।
प्रभारी मंत्री की ओर से हाईवे के किनारे नए औद्योगिक क्षेत्र को विकसित करने के मामले में सीआरओ ने समय मांगा है। व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री रवींद्र त्रिपाठी ने ओडीओपी व पीएम रोजगार सृजन से संबंधित वापस हुईं पत्रावलियों को दोबारा भेजने की मांग डीएम से की है। बिजली समेत अन्य समस्याओं को उठाया। इस मौके पर अनूप श्रीवास्तव, अलीमुद्दीन समेत कई उद्यमी सीआरओ देवेंद्र सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व एस सुधाकरन, जिला उद्योग अधिकारी नेहा सिंह आदि मौजूद रहे।
शहर में वाहन पार्किंग स्टैंड का फिर उठा मामला
सुल्तानपुर। व्यापार बंधु की बैठक में नगर पालिका क्षेत्र में वाहन पार्किंग स्टैंड का मामला उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री रवींद्र त्रिपाठी ने फिर उठाया। उन्होंने कहा कि पिछली बैठक में इस प्रकरण पर डीएम ने नगर पालिका को इसे चिह्नित करते हुए सड़क के किनारे वसूली पाए जाने पर उसे निरस्त करने का निर्देश दिया था, लेकिन इसे एजेंडे से निकाल दिया गया। इस पर डीएम ने इसे एजेंडे में शामिल करते हुए स्थल को चिह्नित करने का निर्देश दिया है। इसमें विजय नारायण हत्याकांड में घटनास्थल के आसपास के दुकानदारों का जमा कराया डीवीआर अभी तक नहीं वापस करने, पंचरास्ता, शेमफोर्ड स्कूल के सामने से गुजरने वाले, बढ़ैयावीर मार्ग समेत अन्य की मरम्मत का मुद्दा उठा। इस पर पालिका की ओर से शासन से बजट की मांग के लिए प्रस्ताव भेजने की जानकारी दी गई। डीएम ने बजट नहीं मिलने तक इन सड़कों की मरम्मत कराने व पल्टन बाजार में बेसमेंट की दुकानों को देखते हुए नाली की सफाई का निर्देश दिया है। इसके अलावा बैठक में व्यापारियों ने शहर में लोडिंग-अनलोडिंग समेत अन्य समस्याओं को रखते हुए निस्तारण की मांग की। इस मौके पर व्यापारियों में प्रवींद्र भालोटिया, रमेश अग्रहरि, अवधेश सिंह, राजीव गुप्ता, सोनू मोदनवाल, हरिकेश पांडेय, नियाज़ अहमद, राजेंद्र कसौधन, मोहम्मद इलियास आदि मौजूद रहे।