सुल्तानपुर। जिला अस्पताल के लैब टेक्नीशियन समेत सात लोग शनिवार को कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। अब जिले में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। तीन दिन पूर्व मिले मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है। कोरोना के नए मिले मरीजों के घर पर पहुंचकर स्वास्थ्य विभाग की टीम उन्हें संक्रमित होने की जानकारी दे रही है।
बुधवार को जिले के कुड़वार, दोस्तपुर और दूबेपुर क्षेत्र में तीन लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे। स्वास्थ्य विभाग ने तीनों लोगों को होम आइसोलेट कराकर उनके संपर्क में आए लोगों का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा था। शनिवार को जिला अस्पताल की लैब में हुई जांच में चार, कुड़वार में एक, मोतिगरपुर में एक मरीज संक्रमित मिला है। इसके अलावा राम मनोहर लोहिया लखनऊ में भर्ती एक मरीज में कोरोना की पुष्टि हुई है। देर शाम लखनऊ से कोरोना संक्रमित मरीज की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को मिली।
कोरोना संक्रमित पाए गए नए मरीजों को होम आइसोलेट कराने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को लगाया गया है। उनके संपर्क में आने वाले लोगों की भी आरटीपीसीआर जांच की जाएगी।
शनिवार को एक साथ सात लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें छह लोगों की जांच जिले में हुई है जबकि एक मरीज राम मनोहर लोहिया में जांच के बाद संक्रमित मिला है। सभी के घर वालों को क्वारंटीन किया जा रहा है।
-डॉ. एएन राय, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, सुल्तानपुर