चांदा (सुल्तानपुर)। नगर पंचायत कोइरीपुर में शुक्रवार को बकाया बिजली बिल की वसूली के लिए पहुंची पावर कारपोरेशन की टीम से नगर पंचायत कोइरीपुर के चेयरमैन पति व उनके भाइयों का विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर चैयरमैन पति ने अपने भाइयों के साथ मिलकर अवर अभियंता का मोबाइल तोड़ दिया। विरोध करने पर विभागीय दस्तावेज भी फाड़ दिए। कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की। इससे नाराज जेई ने विद्युत उपकेंद्र पर ताला जड़ दिया। मामले में चांदा कोतवाली में केस दर्ज कराया गया है।
नगर पंचायत कोइरीपुर विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता आनंद जायसवाल शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे अपने साथी कर्मचारियों के साथ नगर पंचायत में बिजली बकाया बिल की वसूली पर निकले थे। आरोप है कि कोइरीपुर कस्बे में कोटेदार शीतला प्रसाद के घर के पास चेकिंग की जा रही थी।
जिस उपभोक्ता के परिसर का कनेक्शन चेक किया जा रहा था, उसका काफी पैसा बकाया था। इस वजह से उसका कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू की गई। इसी बीच कोईरीपुर चेयरमैन के पति मो. कासिम राईन अपने भाई मो. बिलाल, मो. हेलाल और 30-40 लोगों के साथ मौके पर पहुंच गए।
कासिम राईन व उनके सहयोगियों ने पावर कारपोरेशन की टीम को कार्रवाई से रोका। विरोध करने पर विभाग के दस्तावेज फाड़ दिए। इसके बाद वे सब मारपीट करने लगे। विरोध करने पर कासिम ने जेई का मोबाइल छीनकर तोड़ दिया। काटे गए केबल को जबरदस्ती जोड़वाया।
इसके बाद जेई व उनकी टीम को बंधक बनाने की कोशिश की गई। किसी तरह से वे सभी बचकर निकले। बताया जा रहा है कि मारपीट की घटना से नाराज विद्युत कर्मियों ने उपकेंद्र पर ताला बंद कर आपूर्ति ठप कर दी।
इसके बाद चांदा कोतवाली में कोईरीपुर चेयरमैन प्रतिनिधि समेत तीन नामजद व अन्य 30-40 अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी गई। कोतवाली निरीक्षक श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि जेई आनंद जायसवाल की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। विद्युत उपखंड के अधिकारी अमित द्विवेदी ने बताया कि घटना से संबंधित प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है। देर शाम विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
शहरी क्षेत्र का बिल वसूल रहा पावर कार्पोरेशन
कासिम राईन का कहना है कि गांधीनगर, रामनगर आंशिक, हनुमान नगर को सोनावां फीडर से और शेष रामनगर व पंतनगर को कसईपुर फीडर से आपूर्ति दी जाती है। दोनों फीडरों से ग्रामीण क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति होती है जबकि उपभोक्ताओं से शहरी क्षेत्र का बिल लिया जाता है। सारा विवाद इसी को लेकर है।