सुल्तानपुर। 16 दिसंबर से खरमास शुरू हो रहा है। ऐसे में 14 जनवरी 2023 तक शादी समारोह और मांगलिक कार्य नहीं होंगे। नए साल में 15 जनवरी से नौ मार्च तक वैवाहिक आयोजनों की धूम रहेगी। शादियों के लिए टेंट, मैरिज लॉन, कैटरर्स, बैंड-बाजे की बुकिंग शुरू हो गई है।
पंडित बृजेशाचार्य महराज ने बताया कि हिंदू धर्म में अधिकांश कार्य मुहूर्त के अनुसार ही किए जाते हैं। 16 दिसंबर से एक महीने तक खरमास है। ऐसे में 14 जनवरी तक खरमास में वैवाहिक कार्यक्रम पूरी तरह बंद रहेंगे। नए वर्ष में 15 जनवरी से नौ मार्च तक एक बार फिर शहनाइयों की धूम रहेगी।
इसके बाद 15 मार्च से 14 अप्रैल तक फिर एक महीने का खरमास होगा। इसके बाद 29 अप्रैल से 12 जून तक विवाह के शुभ मुहूर्त होंगे। लोगों ने जनवरी से मार्च के बीच होने वाली शादियों के लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिनके घर शादी तय है वह लाइट, टेंट, कैटरर्स, वाहन, बैंड-बाजे आदि की बुकिंग करने लगे हैं। मैरिज लॉन की बुकिंग भी शुरू हो गई है।
नए साल में जनवरी से मार्च तक शादी समारोह के लिए बुकिंग का काम जोरों पर चल रहा है। शहर में मैरिज लॉन का संचालन करने वाले संजय कुमार ने बताया कि उनके यहां जनवरी से मार्च के बीच वैवाहिक आयोजनों की बुकिंग हो रही है। शादी समारोह में खाना बनाने वाले दयाराम हलवाई ने बताया कि लोग उनके यहां वैवाहिक आयोजन के लिए बुकिंग करा रहे हैं। टेंट कारोबारी संतोष सोनकर ने बताया कि उनके यहां पहले से बुकिंग हो चुकी है।