लंभुआ (सुल्तानपुर)। पुरुषोत्तम मास में शिवालयों पर जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। शनिवार को क्षेत्र के सैतापुर सराय स्थित बाबा जनवारीनाथ धाम पर भक्तों ने बाबा का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
तहसील क्षेत्र स्थित बाबा जनवारीनाथ धाम में पुरुषोत्तम मास के पहले शनिवार को भक्तों की काफी भीड़ जुटी। महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। इस वर्ष संयोग से श्रावण मास के बाद पुरुषोत्तम मास में भी श्रद्धालुओं को पुण्य अर्जित करने का मौका मिल रहा है।
बाबा जनवारीनाथ धाम में भोर चार बजे से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। धाम पर अन्य देवी-देवताओं की भी प्रतिमाएं हैं। श्रद्धालु सभी मंदिरों में पूजा-अर्चना करते रहे। अधिमास व पुरुषोत्तम मास का संयोग बनाने से शनिवार को भारी भीड़ देखने को मिली।