सुल्तानपुर। यूपी बोर्ड के इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाएं जिला स्तर पर बने तीन केंद्रों पर शुक्रवार को दोबारा होंगी। जो विद्यार्थी इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षा से वंचित रह गए हैं, उनके लिए यह अंतिम अवसर होगा। डीआईओएस ने जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पत्र भेजकर प्रयोगात्मक परीक्षा से वंचित रह गए विद्यार्थियों को जिला स्तर पर बनाए केंद्रों पर परीक्षा दिलाने के निर्देश दिए हैं।
जिला स्तर पर प्रयोगात्मक परीक्षाएं शुक्रवार सुबह 10 बजे से शहर के जीआईसी, जीजीआईसी व महात्मा गांधी स्मारक इंटर कॉलेज में होंगी। इंटरमीडिएट के भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान व जीव विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षाएं शहर के राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज, भूगोल की प्रयोगात्मक परीक्षा महात्मा गांधी स्मारक इंटर कॉलेज व गृह विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा केशकुमारी जीजीआईसी में होगी।
भौतिक विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए जीआईसी के गायत्री प्रसाद तिवारी को परीक्षक बनाया गया है जबकि रसायन विज्ञान के लिए परीक्षक मधुसूदन इंटरमीडिएट कॉलेज के अमित कुमार सिंह, जीव विज्ञान के लिए जीआईसी के राय साहब यादव, भूगोल के लिए महात्मा गांधी स्मारक इंटर कॉलेज के राजनाथ यादव एवं गृह विज्ञान के लिए महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज उतुरी की अंजू को परीक्षक बनाया गया है।
डीआईओएस रविशंकर ने बताया कि दोबारा हो रही प्रयोगात्मक परीक्षा से अगर कोई विद्यार्थी वंचित रहता है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य की होगी।