सुल्तानपुर। शहर के सबसे महंगे इलाके में करोड़ों रुपये की जमीन पर बनाया जा रहा व्यावसायिक भवन अब ढहाया जाएगा। निर्माण करने वाले के पास स्वामित्व का कोई प्रमाण न होने के कारण एसडीएम ने नक्शा भी निरस्त कर दिया। साथ ही भाजपा नेता ओमप्रकाश पांडेय के पुत्र आशीष पांडेय को 30 दिन के भीतर खुद यह निर्माण गिरवाने का नोटिस दिया है। ऐसा न करने पर विनियमित क्षेत्र स्वयं निर्माण गिरवाएगा।
तिकोनिया पार्क के सामने 892 वर्ग मीटर जमीन में यह निर्माण श्री तुलसी सत्संग भवन के कोषाध्यक्ष आशीष पांडेय करवा रहे थे। जिस पर पहले ही रोक लगा दी गई थी और इस मामले में विनियिमत क्षेत्र के नियत प्राधिकारी की कोर्ट में सुनवाई चल रही थी।
इस मामले की सुनवाई करते हुए नियत प्राधिकारी व एसडीएम सदर ठाकुर प्रसाद ने पाया कि जिस भूमि पर निर्माण किया जा रहा है, उसके स्वामित्व का कोई प्रमाण निर्माणकर्ता नहीं दे पाया। ऐसे में उन्होंने चार अप्रैल को यह आदेश जारी किया। एसडीएम ने बताया कि अभी निर्माणकर्ता को 30 दिन के भीतर खुद निर्माण ढहाने का नोटिस जारी किया गया है। यदि निर्माण नहीं गिराया जाता है तब निर्माण गिरवाया जाएगा।