सुल्तानपुर। जल्द ही स्थानीय रेलवे स्टेशन नए कलेवर में दिखेगा। रेल प्रशासन स्टेशन का सौंदर्यीकरण करवा रहा है। प्रवेश द्वार पर आकर्षक वॉल पेंटिंग की जा रही है। पूरे स्टेशन पर रंग-रोगन के साथ ही परिसर में सौ फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज स्थापित करने की तैयारी चल रही है। ध्वज का फाउंडेशन तैयार किया जा रहा है।
रेलवे उप मंडल के मॉडल स्टेशनों में शुमार सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन जल्द ही नए लुक में दिखेगा। रेलवे ने स्टेशन के सौंदर्यीकरण की कवायद शुरू कर दी है। रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार पर आकर्षक वॉल पेंटिंग की जा रही है। पूछताछ कक्ष के सामने की गई वॉल पेंटिंग में वाराणसी के घाट व ट्रेन यात्रियों के आवागमन समेत अन्य दृश्यों का चित्रण किया गया है।
इसके आगे बाहर की तरफ शेड पर फूलों की आकर्षक डिजाइन की जा रही है। दिल्ली से वॉल पेंटिंग करने आई आर्ट टीम के प्रोपराइटर रियाज अहमद ने बताया कि प्रवेश द्वार के साथ ही प्लेटफार्म नंबर एक पर भी कार्य चल रहा है। यहां के पिलर्स पर राष्ट्रीय पक्षी मोर की आकृति डिजाइन की गई है। पेंटिंग के कार्य से स्टेशन प्रांगण की रौनक बढ़ गई है।
स्टेशन पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि पेंटिंग के साथ ही तीनों प्लेटफार्म पर रंग-रोगन का कार्य भी कराया जाएगा। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन के बाहर परिसर में सौ फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज लगवाने के लिए फाउंडेशन तैयार किया जा रहा है। राष्ट्रीय ध्वज व राष्ट्रीय पक्षी मोर की आकृति रेल यात्रियों के आकर्षण का केंद्र होगी।
स्टेशन अधीक्षक बीएस मीना ने बताया कि जीएम रेलवे आशुतोष गंगल का 30 जनवरी को सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन का दौरा प्रस्तावित है। जीएम के प्रस्तावित दौरे को लेकर स्टेशन परिसर ही नहीं बल्कि रेलवे के विभिन्न सेक्शन कार्यालयों की दीवारों का भी रंग-रोगन करवाया जाएगा।
स्टेशन अधीक्षक कार्यालय, पार्सल, रनिंग रूम, जनरल टिकट काउंटर, रिजर्वेशन समेत अन्य सेक्शनों की दीवारों पर रंग-रोगन किया जाएगा। इसके साथ ही रेलवे कॉलोनियों के आवासीय परिसरों में भी पेंटिंग का कार्य करवाया जाएगा।