फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

घायल युवक की मौत पर तीमारदारों ने चिकित्सक व नर्स को पीटा

विज्ञापन
जिला अस्पताल पूछताछ करते नगर कोतवाल। - फोटो : SULTANPUR
विज्ञापन
सुल्तानपुर। लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार की टक्कर से घायल हुए युवक की उपचार के दौरान रविवार की रात जिला अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए चिकित्सक व स्टाफ नर्स की पिटाई कर दी। परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस एक चिकित्सक को कोतवाली ले गई। हालांकि देर रात उन्हें छोड़ दिया गया। उधर, चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मियों के साथ अभद्रता से नाराज चिकित्सकों ने सोमवार को आपात बैठक की। इस दौरान ओपीडी खाली रहने से मरीज बेहाल नजर आए। बाद में ओपीडी शुरू होने के बाद मरीजों ने राहत की सांस ली।
विज्ञापन

नगर क्षेत्र के नारायणपुर मोहल्ला निवासी इंद्र बहादुर सिंह के पुत्र सत्यम सिंह (19) को रविवार की देर शाम पयागीपुर के पास तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल सत्यम को परिजन जिला अस्पताल की इमरजेंसी में ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद सत्यम सिंह को जिला अस्पताल के आर्थोवार्ड में भर्ती किया गया था। रात में सत्यम सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने डॉ. पीके राय व स्टाफ नर्स पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इस बीच जिला अस्पताल में वार्डो में भर्ती मरीजों को देखने के लिए राउंड पर निकले बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. दिनेश के साथ ही तीन स्टाफ नर्सों को हंगामा कर रहे लोगों ने पीट दिया।
जिला अस्पताल में मारपीट व हंगामे की सूचना मिलते ही नगर कोतवाल राम आशीष उपाध्याय व अन्य पुलिस वहां पहुंचे। अस्पताल में तनाव पूर्ण स्थिति को देखते हुए चिकित्सक को पुलिस अपने साथ कोतवाली ले गई। हालांकि देर रात उन्हें छोड़ दिया गया। चिकित्सक व अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के साथ अभद्रता से नाराज चिकित्सकों ने आपात बैठक कर घटना पर रोष जताया। प्रभारी सीएमएस डॉ. एसके गोयल के समझाने पर चिकित्सक शांत हुए। बैठक के दौरान ओपीडी खाली रहने की वजह से मरीजों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। ओपीडी में मरीजों की भीड़ लगी रही। चिकित्सकों के ओपीडी में काम शुरू करने के बाद मरीजों ने राहत की सांस ली। मारपीट के मामले में कोई केस नहीं दर्ज कराया गया है। पीड़ित नर्सों ने सीएमएस डॉ. एससी कौशल से मामले की शिकायत करते हुए सुरक्षा की मांग की है।
विज्ञापन

तीन चिकित्सकों की टीम करेगी जांच
जिला अस्पताल के प्रभारी सीएमएस डॉ. एसके गोयल ने बताया कि पूरे मामले में मेडिकल बोर्ड गठित किया गया है। परिजनों के आरोपों की जांच की जाएगी। तीन चिकित्सकों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम की वीडियो रिकॉर्डिंग की कराई गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें