सुल्तानपुर। रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में तत्काल व सामान्य श्रेणी के कन्फर्म टिकट के लिए लोगों की सुबह से ही लंबी कतार लग रही है। टिकट कन्फर्म नहीं होने पर लोग निराश होकर लौट रहे हैं। प्रमुख रूट की ट्रेनों में सामान्य श्रेणी के स्लीपर टिकट में भी लंबी वेटिंग मिल रही है। इस कारण लोगों को जनरल टिकट लेकर यात्रा करनी पड़ रही है।
नई दिल्ली रूट की ट्रेनों में रविवार के लिए वेटिंग 200 से ज्यादा है। इस रूट की गाड़ी संख्या 12237 बेगमपुरा एक्सप्रेस में स्लीपर श्रेणी में 215 वेटिंग, गाड़ी संख्या 14013 सद्भावना एक्सप्रेस में वेटिंग 250, गाड़ी संख्या 22419 सुहेलदेव एक्सप्रेस में वेटिंग 105 है। मुंबई रूट की गाड़ी संख्या 22184 साकेत एक्सप्रेस में रविवार के लिए वेटिंग 112 है।
गाड़ी संख्या 22130 तुलसी एक्सप्रेस में सोमवार के लिए वेटिंग 75 है। कूरेभार से आए इंद्रजीत ने बताया कि उन्हें मुंबई जाने के लिए टिकट लेना था। कन्फर्म टिकट नहीं मिलने से वेटिंग का टिकट मिला है। आजमगढ़ से आए उत्तम ने कहा कि सुल्तानपुर से ट्रेन पंजाब जाने के लिए मिल जाती है। इसलिए शनिवार को सुबह ही आरक्षण केंद्र पर आ गया था। तत्काल में भी टिकट नहीं मिल पाया। इसलिए अब जनरल टिकट लेकर पंजाब जाना पड़ा।
तत्काल में सिर्फ दो टिकट ही हुए कन्फर्म
कन्फर्म टिकट की आस में आरक्षण केंद्र पर लंबी कतार लग रही है। 50 से अधिक लोगों ने शनिवार को टिकट के लिए फार्म भरा। सिर्फ दो ही लोगों के टिकट कन्फर्म हुए। इसमें एक मुंबई और दूसरा जम्मू के लिए बना। सीआरएस शेर मोहम्मद ने बताया कि ट्रेनों में इस समय लंबी वेटिंग चल रही है। ट्रेनों में यात्रियों का दबाव जुलाई माह तक बना रहेगा।