सुल्तानपुर। थाना क्षेत्र हलियापुर में चोरी की घटना सुलझाते-सुलझाते पुलिस ने दो गुडवर्क कर डाले। एक दिन पहले चोरी का खुलासा किया तो दूसरे दिन एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश को मुठभेड़ में धर दबोचा। हालांकि एक बदमाश पुलिस के हाथ नहीं आया जिसका चोरी की घटना में भी हाथ बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह 3:10 बजे हलियापुर पुलिस की आमघाट पुल पर राहुल विश्वकर्मा से मुठभेड़ हो गई। राहुल इसी थाने के पिपरी गांव का रहने वाला है। उसके ऊपर डेढ़ दर्जन गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह थाने का हिस्ट्रीशीटर और टॉप टेन बदमाश भी है। उसके खिलाफ कोर्ट से वारंट भी है।
आमघाट पुल पर जब उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया गया तो उसने अपने साथी के साथ फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई जबकि उसका साथी रामबहादुर निषाद बाइक से भागने मे सफल रहा। घायल को पुलिस अभिरक्षा में मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर भेजा गया है। राहुल के पास से तमंचा और कारतूस मिले हैं।
पुलिस ने उसके भागे हुए साथी का नाम रामबहादुर निषाद बताया है जो अमेठी के मुसाफिरखाना थाने के नारा अढ़नपुर का रहने वाला है। मुठभेड़ में प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह के अलावा एसआई नरेन्द्र बहादुर सिंह और पांच कांस्टेबल शामिल रहे।