हरिकेश की पत्नी को पांच लाख रुपये का चेक देते रेलवे के अधिकारी।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। तीन दिन पूर्व अलीगढ़ के पास नीलांचल एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान सब्बल घुसने से हुई हरिकेश की मौत पर हर कोई सन्न है। सोमवार को उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के अधिकारी गोपीनाथपुर गांव पहुंचे और मृतक की पत्नी को पांच लाख रुपये का चेक दिया। चेक पाने के बाद हरिकेश की पत्नी फफक पड़ीं तो हर कोई गमगीन हो गया।
चांदा क्षेत्र के गोपीनाथपुर गांव निवासी संतराम उर्फ विधायक दुबे के पुत्र हरिकेश दुबे (28) गत शुक्रवार को शादी समारोह में शामिल होने के लिए दिल्ली से लखनऊ नीलांचल एक्सप्रेस से आ रहे थे। रास्ते में अलीगढ़ के पास जनरल बोगी की शीशा तोड़कर एक सब्बल हरिकेश के गर्दन में घुस गया था, जिससे उनकी मौत हो गई थी।
मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा है। सोमवार को एनसीआर (उत्तर मध्य रेलवे) प्रयागराज के कॉमर्शियल इंस्पेक्टर प्रियरंजन, वाणिज्य निरीक्षक सुल्तानपुर ज्योति स्वरूप गोपीनाथपुर गांव पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने हरिकेश की पत्नी शालिनी को पांच लाख रुपये का चेक दिया तो माहौल बेहद गमगीन हो गया। चेक पाकर शालिनी फफक पड़ीं। दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष डॉ. आरए वर्मा, महामंत्री विजय त्रिपाठी, जिला प्रभारी शंकर गिरी और पार्टी नेता सुशील त्रिपाठी पीड़ित के घर पहुंचे और ढांढस बंधाया।