दूबेपुर (सुल्तानपुर)। इस बार हज पर जाने वाले यात्रियों का टीकाकरण ई-विन (इलेक्ट्रॉनिक वैक्सीन इंटेलिजेंस नेटवर्क) पोर्टल के जरिए किया जाएगा। डोज की जानकारी व हज यात्रियों का ब्योरा ऑनलाइन दर्ज किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने जिले में पंजीकृत हज यात्रियों की संख्या के हिसाब से टीके की डोज एलाट कर दी है। अगले हफ्ते से टीकाकरण की तैयारी है। 21 मई से हज यात्रा शुरू होगी।
डिप्टी सीएमओ डॉ. आमिर ने बताया कि जिले के 307 लोगों ने हज यात्रा पर जाने के लिए पंजीकरण कराया है जिन्हें वैक्सीन की खुराक दी जानी है। इन सबके टीकाकरण से संबंधित सारा ब्योरा ई-विन पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है जिसे कहीं से भी देखा जा सकता है। इससे यात्रियों को सहूलियत होगी। अब उन्हें दस्तावेज गुम होने की स्थिति में विदेशों में सत्यापन की प्रक्रिया में परेशानी नहीं होगी।
यात्रियों को मेनिनजाइटिस, इंफ्लुएंजा वैक्सीन व पोलियो ड्रॉप की एक खुराक दी जाएगी। सभी टीके आ गए हैं जिसे अमहट स्थित जिला वैक्सीन भंडार में सुरक्षित रखवा दिया गया है।