सुल्तानपुर। शुक्रवार को सुबह से ही विकास भवन की ओर जाने वाले गोपालदास पुल से आवागमन बंद कर दिया जाएगा। इस पुल को डबल लेन किए जाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने 21 अक्टूबर तक यह रूट बंद रखने का निर्णय लिया है। ऐसे में बाईपास बंद होने के कारण पहले ही यातायात समस्याओं से जूझ रहे शहर की परेशानियां और बढ़ जाएंगी।
विकास भवन के पास गोपालदास पुल का निर्माण शुक्रवार से शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए पहले इस पुल को तोड़ने का भी काम किया जाएगा। पुल का निर्माण शुरू हो जाने के कारण अब इस रूट से गुजरने वाले यातायात को दीवानी मोड़ से दीवानी गेट होते हुए तिकोनिया पार्क पर निकाला जाएगा। यह रूट बंद होने से दिन में तो स्थितियां फिर भी सामान्य रहेंगी, किंतु भारी वाहन शहर से गुजरते समय जाम लगने की आशंका है। इस बारे में यातायात निरीक्षक अनूप सिंह ने बताया कि डायवर्जन कराया जाएगा। परेशानी जरूर होगी, किंतु जाम न लगे इसकी पूरी तैयारी कर ली गई है।