सुल्तानपुर। जिले के चार बड़े संपर्क मार्गों का लोक निर्माण विभाग की ओर से पुनर्निर्माण व मरम्मत कार्य कराया जाएगा। महीनों पहले भेजे गए प्रस्ताव पर शासन ने करीब सवा पांच करोड़ रुपये राशि अवमुक्त कर दी है। राशि मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग ने निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जिले अमहट से दूबेपुर होते हुए भादर व जयसिंहपुर से भटमई संपर्क मार्ग का निर्माण कराने के लिए लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड ने कई माह पहले प्रस्ताव भेेजा था। दोनों मार्गों की लंबाई करीब सवा आठ-आठ किमी. है। कार्ययोजना पर विचार के बाद शासन ने दोनों मार्गों के पुनर्निर्माण के लिए धनराशि की मंजूरी दे दी है। दूबेपुर-भादर संपर्क मार्ग के लिए प्रस्तावित लागत के सापेक्ष शासन ने पूरी धनराशि एक करोड़ 15 लाख 53 हजार रुपया अवमुक्त कर दिया है।
इसी तरह जयसिंहपुर-भटमई संपर्क मार्ग के लिए प्रस्तावित एक करोड़ 13 लाख 58 हजार रुपये के सापेक्ष पूरी धनराशि अवमुक्त कर दी है। लोक निर्माण विभाग खंड तीन की ओर से कई माह पहले करीब 13 किमी. लंबे प्रस्तावित मुसाफिरखाना-देवरा मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए अधिशाषी अभियंता ने एक करोड़ 97 लाख 97 हजार का प्रस्ताव भेजा था। मार्गों के पुनर्निर्माण व मरम्मत के लिए शासन ने स्वीकृति देेते हुए पूरी धनराशि अवमुक्त कर दी है।
लोक निर्माण विभाग खंड तीन की ओर से करीब 12 किमी. लंबे प्रस्तावित कुड़वार-धम्मौर संपर्क मार्ग के पुनर्निर्माण व मरम्मत के लिए दो करोड़ दो लाख दो हजार रुपये का प्रस्ताव भेजा गया था। शासन ने मार्ग निर्माण की स्वीकृति देते हुए एक करोड़ एक लाख एक हजार रुपया अवमुक्त कर दिया है। इस मार्ग की शेष राशि कार्य शुरू होने के बाद अवमुक्त की जाएगी। शासन ने चार मार्गों के पुनर्निर्माण के लिए पांच करोड़ 28 लाख रुपया जारी करते हुए कार्य कराने का निर्देश दिया है। छह अक्तूबर को धनराशि जारी होने के बाद दोनों निर्माण खंडों ने सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। चारों सड़कों के निर्माण से करीब दो लाख की आबादी को आवाजाही में सहूलियत मिलेगी।
शुरू की गई टेंडर प्रक्रिया
लोक निर्माण विभाग खंड तीन के अधिशाषी अभियंता विजय कुमार ने बताया कि धनराशि अवमुक्त होने के बाद सड़क की टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद सड़क का निर्माण कराया जाएगा।