सुल्तानपुर नमक मंडी में लगी आग। संवाद
सुल्तानपुर। शहर स्थित नमक मंडी में सोमवार की भोर में एक भवन के पहले तल पर बनाए गए बिस्कुट के गोदाम में आग लग गई। आग तेजी से फैली और दूसरे तल को भी चपेट में ले लिया। मार्निंग वॉक पर निकले व्यवसायियों ने लपटें और धुआं देखा तो इसकी सूचना अग्निशमन कर्मियों को दी। छह वाटर टैंकरों के पानी से अग्निशमन कर्मियों ने आग पर काबू पाया। आग लगने से पूरी मंडी में अफरा-तफरी का माहौल रहा और हर कोई दहशत में दिखा।
कोतवाली नगर क्षेत्र के करौंदिया मोहल्ला निवासी व्यवसायी दुर्गा प्रसाद तिवारी की चौक इलाके में नमक मंडी में दुकान है। सोमवार की सुबह करीब पांच बजे वॉक पर निकले व्यवसायियों को दुर्गा प्रसाद की दुकान के पहले तल से लपटें और धुआं उठता हुआ दिखा। तत्काल इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी।
इस बीच आग तेजी से फैली और दूसरे तल को भी चपेट में ले लिया। आसपास रहने वाले व्यवसायियों के परिवार के लोग घर से बाहर निकलकर सड़क पर आ गए। मौके पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी संजय कुमार शर्मा पूरे दस्ते के साथ पहुंच गए और सबसे पहले विद्युत सप्लाई को बंद कराया।
इसके बाद अग्निशमन कर्मी सीढ़ी लगाकर पहले और दूसरे तल पर पहुंच गए। खिड़की तोड़कर वाटर टैंकर से पानी को कमरे में डाला गया। एक के बाद एक कुल छह वाटर टैंक से पानी मौके पर मंगाया गया। करीब चार घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। सीएफओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने के पीछे बिजली की शार्ट सर्किट होने की बात सामने आई है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।