सुल्तानपुर। क्वार की पूर्णिमा से शुरू होने वाले दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान गोमती नदी के सीताकुंड घाट पर गोताखोर व विशेष नाव सुरक्षा में मौजूद रहेंगी। मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस की मौजूदगी में प्रतिमाओं का विसर्जन होगा। सुरक्षा के मद्देनजर शनिवार को डीएम व एसपी ने घाट पर तैयारियों का जायजा लिया।
डीएम रवीश गुप्ता ने घाट की सफाई के साथ पर्याप्त लाइट, सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात अधिकारियों की व्यवस्था को परखा। कहा कि मजिस्ट्रेट की देखरेख में प्रतिमाओं का विसर्जन होगा। एसपी ने बताया कि विसर्जन के दौरान गोताखोर व नाव की व्यवस्था की गई है। नदी में नाव पर गोताखोर मौजूद रहेंगे। ईओ को गोमती नदी के बढ़े जलस्तर को देखते हुए बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया गया है। बताया कि मौके पर एक कंपनी पीएसी तैनात की गई है। इस मौके पर व एसपी सोमेन बर्मा, एसडीएम सदर के साथ कई लोग मौजूद रहे।