धनपतगंज (सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र धनपतगंज के बिछोरा गांव में बुधवार शाम जानवरों के लिए चारा काटने गए किसान पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया था। मधुमक्खियों के दंश से वह जख्मी हो गए। उन्हें गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बिछोरा गांव निवासी राम बहादुर (52) बुधवार शाम पशुओं के लिए चारा काटने खेत गए थे। चारा काटते समय अचानक उन पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। बड़ी संख्या में मधुमक्खियों ने राम बहादुर को डंक मार दिया। इससे उनका शरीर सूज गया। शोर सुनकर आसपास के पहुंचे ग्रामीण किसी तरह मधुमक्खियों के झुंड से बचाते हुए उन्हें घर ले आए।
घर पहुंचते ही वह बेहोश हो गए। गंभीर हालत में परिजन उन्हें लेकर धनपतगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम लिए भेज दिया। इस संबंध में धनपतगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक पंडित त्रिपाठी ने बताया कि मधुमक्खी के दंश से किसान की मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
परिवार के मुखिया की मौत से सदमे में आया परिवार
राम बहादुर के दो बेटे एक बेटी है। बड़ी बेटी व बेटे राहुल की शादी हो चुकी है। छोटा बेटा शुभम पढ़ाई कर रहा है। परिवार की आय का प्रमुख स्रोत खेती-बाड़ी ही है। मुखिया के निधन से परिवार के लोग सदमे में हैं।