सुल्तानपुर। मध्याह्न भोजन योजना अनुश्रवण समिति की सोमवार को कलेक्ट्रेट में हुई बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग के पांच खंड शिक्षा अधिकारी व दो डीसी अनुपस्थित रहे। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी है। उन्होंने सभी विद्यालयों में बच्चों के भोजन के लिए मेज व कुर्सी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
अनुश्रवण समिति की बैठक में मध्याह्न भोजन योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कहा कि कोई छात्र फर्श पर बैठकर भोजन करता नहीं मिलना चाहिए। साथ ही सभी विद्यालय परिसर में छात्रों के लिए मौसमी सब्जियां उगाने की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया। अभी तक जिन विद्यालयों में किचन गार्डन की व्यवस्था नहीं हो सकी है, उसमें गार्डन बनवाने का निर्देश दिया।
उन्होंने 14 बेसिक विद्यालयों में बनवाए जा रहे खगोल विज्ञान लैब का काम जल्द पूरा कराते हुए उसमें प्रयोगशाला की सभी व्यवस्थाएं पूरी करने को कहा है। ईंट भट्ठों पर काम करने वाले श्रमिकों के बच्चों का स्कूलों में प्रवेश कराने के लिए सूची मांगी गई है। सूची मिलने पर तहसीलदारों के जरिए परिचय पत्र बनवाया जाएगा। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अंकुर कौशिक समेत संबंधित मौजूद रहे।