सुल्तानपुर के मिश्रपुर पुरैना में आयोजित दंगल में शामिल पूनम फोगाट व अंशु मलिक।
भदैंया (सुल्तानपुर)। दंगल प्रतियोगिता में रविवार को पहुंचीं अंतरराष्ट्रीय पहलवान पूनम फोगाट ने उड़ीसा में सेना के जवान की अधिवक्ता मंगेतर के साथ पुलिसिया कृत्य पर कहा कि महिलाएं भी कई बार कसूरवार होती हैं। वह भी अपनी तरफ से गलती करती हैं। हर घटना का दूसरा पक्ष भी होता है। हमें दोनों पक्षों पर ध्यान देना होगा।
विनेश फोगाट के कांग्रेस में शामिल होने के सवाल पर पूनम ने कहा कि ये कोई बड़ा मामला नहीं है। पहले बबीता फोगाट बीजेपी में थीं। अब विनेश कांग्रेस में चली गई हैं। इससे यह साबित नहीं होता है कि यह किसी जाति या समुदाय का मुद्दा है। कोई भी अपने राजनीतिक सरपंच या प्रधान के लिए आवेदन कर सकता है। यह उसका निजी मामला होता है कि कौन क्या करेगा। उन्होंने पहलवानों के राजनीति में आने को खेल के लिए फायदेमंद बताया।
कहा कि पहलवानों के राजनीति में आने से खेल को बढ़ावा मिलेगा। हर खिलाड़ी को राजनीति में आना चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग की कि हर खिलाड़ी, चाहे वह किसी भी खेल में पदक लाए, उसे उसके प्रदर्शन के अनुसार सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने दिल्ली के प्रदर्शन के बारे में बताते हुए उसे उचित ठहराया। राष्ट्रीय खिलाड़ी अंशु मलिक ने भी विनेश के कांग्रेस में जाने को अच्छा व उनका निजी मामला बताया। कहा कि किसी दवा की वजह से अंतरराष्ट्रीय कुश्ती में उनका मामूली वजन बढ़ गया था। इसकी वजह से उन्हें बाहर होना पड़ा।