- उद्योग बंधु की बैठक में उद्योगों के लिए जमीन उपलब्ध कराने का भी निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
सुल्तानपुर। अंतरराष्ट्रीय एमएसएमई दिवस पर मंगलवार को आयोजित उद्योग बंधु की बैठक में एमओयू पर हस्ताक्षर करने वाले 96 निवेशक ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी को तैयार बताए गए। डीएम ने जीबीसी के लिए तैैयार निवेशकों की समस्याओं को तत्काल दूर करने का निर्देश दिया। उद्योगों की स्थापना के लिए भूमि उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया।
विकास भवन सभागार में हुई बैठक में बताया गया कि बल्दीराय तहसील में सात एकड़ भूमि उद्योग स्थापना के लिए चिह्नित की गई है। बैठक में अन्य योजनाओं के ऋण वितरण पर भी चर्चा हुई। डीएम जसजीत कौर ने बैंकों को विभिन्न योजनाओं का ऋण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। विभिन्न उद्यम के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा की ओर से दीपक सिंह को 20 लाख, सोनू पाठक को 10 लाख, आजाद सिंह को पांच लाख, शिवम शर्मा को 25 लाख का चेक दिया गया। उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री ने 21 व्यापारियों का आधार पंजीयन कराने के लिए डीएम को पत्रावली सौंपी और विभिन्न समस्याओं को उठाया। कारखाना अधिनियम के पंजीकरण पर चर्चा हुई। विभिन्न योजनाओं के 85 लाभार्थियों को चेक वितरित किया गया। इसके पहले आयोजित व्यापार बंधु की बैठक में पीएम स्वनिधि योजना के द्वितीय चरण की स्थिति ठीक नहीं पाई गई। इसमें खाते एनपीए होने की जानकारी दी गई। व्यापारियों की ओर से बैंकों पर बिना कारण बताए ऋण के आवेदन पत्रों को अस्वीकार करने का आरोप लगाया गया। इस पर डीएम ने सभी बैंकों से आख्या मांगी है। बिरसिंहपुर कस्बे में जिला पंचायत की दुकानों का मामला फिर उठा। इस पर अभियंता की ओर से निरीक्षण कराने का दावा किया गया। बैठक में विद्युत वितरण, फूड विभाग समेत अन्य विभागों का मामला उठा। डीएम ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस मौके पर सीआरओ शैलेंद मिश्र, सीओ राजाराम चौधरी, एलडीएम अनुुराग शंखवार, उपायुक्त उद्योग अनूप श्रीवास्तव समेत अन्य मौजूद रहे।