फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sultanpur News: 30 हजार घरों की बिजली गुल

Fri, 14 Jul 2023 11:27 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
सुल्तानपुर। एचटी लाइन में आए फाल्ट से शहर के दो उपकेंद्रों से आपूर्ति बंद हो गई। इसके चलते शुक्रवार सुबह दस बजे से ही करीब 30 हजार उपभोक्ताओं के घरों की बिजली गुल हो गई है। अंडरग्राउंड लाइन में आया फाल्ट तो ठीक कर लिया गया लेकिन ओवरहेड लाइन में फाल्ट के कारण आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई।
विज्ञापन



ज्यादातर फीडरों और उपकेंद्रों के ओवरलोड होने के कारण पहले ही बिजली का जबर्दस्त संकट चल रहा है। शुक्रवार को 30 हजार उपभोक्ताओं के लिए यह संकट और गहरा हो गया। जब सुबह दस बजे ही केएनआई और लोलेपुर उपकेंद्रों से बिजली की सप्लाई ठप हो गई।


आपूर्ति ठप होने से केएनआई फीडर से जुड़े सुल्तानपुर कस्बा, पांचों पीरन, गोमती हॉस्पीटल से लेकर धनपतगंज तक करीब 20 हजार घरों की बिजली गुल हो गई। लोलेपुर उपकेंद्र से जुड़े कमनगढ़, बकरौली आदि इलाकों में भी करीब 10 हजार घरों में सप्लाई बंद हो गई।
विज्ञापन



बरसात के बाद दिन में निकली तेज धूप से पैदा हुई उमस के दौरान बिजली चले जाने से लोग कसमसा उठे। ऊर्जा निगम के अवर अभियंता और सहायक अभियंताओं से लेकर उपकेंद्र तक फोन करना शुरू कर दिया लेकिन इन सभी ने अपने फोन स्विच ऑफ कर लिए।


अधिशाषी अभियंता प्रथम गौरव तिवारी ने बताया कि 33 हजार केवीए की लाइन में बाईपास के पास अंडरग्राउंड फाल्ट ठीक हो गया है। टाटियानगर से उपकेंद्रों के बीच ओवरहेड लाइन का फाल्ट ठीक कराया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि देर रात तक आपूर्ति चालू हो सकती है।





ग्रामीण क्षेत्रों की हालत और भी खराब
कुड़वार क्षेत्र में कटौती से ग्रामीण, व्यापारी, किसान व लघु उद्योग धंधे से जुड़े लोग परेशान हैं। भंड़रा, धरमंगल का पुरवा, राजापुर डोमनपुर के उपभोक्ताओं का कहना है कि सुबह नौ बजे बिजली कट जाती है तो शाम तक नहीं आती है। इससे राजकीय नलकूप नहीं चल पाते हैं जिससे धान की रोपाई पिछड़ रही है। विद्युत उपकेंद्र इसौली व बल्दीराय की आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। कुल सात से आठ घंटे ही बिजली मिल पाती है। लंभुआ तहसील के दक्षिणी क्षेत्र के दर्जनों गांवों में लोवोल्टेज की समस्या बनी हुई है। बरसात होने से विद्युत लाइन और ट्रांसफॉर्मर खराब हो रहे हैं।




धम्मौर में नया ट्रांसफार्मर भी फुंका
धम्मौर उपकेंद्र से थाने के पास लगे ट्रांसफॉर्मर से थाने समेत दर्जनों घरों को बिजली आपूर्ति की जाती है। एक दिन पहले लगा ट्रांसफॉर्मर फिर फुंक गया। वहीं क्षेत्र के धरमैतेपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास का ट्रांसफॉर्मर एक हफ्ते से फुंका पड़ा है। अवर अभियंता को सूचना देने के बाद भी बदला नहीं गया। जेई परशुराम ने बताया कि क्षेत्र में ट्रांसफॉर्मर फुंकने की कोई सूचना नहीं है। सूचना मिलने पर बदला जाएगा।



बार-बार ट्रिपिंग से बढ़ी दिक्कत
सेमरी बाजार कस्बे के सिसौड़ा, महमूदपुर सेमरी, बाहरपुर, ईसुर, डंड़वा, अमदेवा, गुड़बड़, चोरमा समेत 30 से अधिक गांवों में बिरसिंहपुर उपकेंद्र से आपूर्ति की जाती है। 10 दिनों से बड़े पैमाने पर बिजली कटौती की जा रही है। बद्री विशाल, रमेश, सानू सिंह आदि उपभोक्ताओं का कहना है कि दिन में मात्र चार से पांच घंटे ही बिजली आ रही है।




लोवोल्टेज के चलते उपकरण शोपीस बन गए हैं। हर घंटे ट्रिपिंग से लोग परेशान हो गए है। उपकेंद्र पर शिकायत करने के बाद भी जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं। इस संबंध में एसडीओ आरपी यादव ने बताया कि ओवरलोड के कारण ट्रिपिंग की समस्या उत्पन्न हो रही है। इसके निराकरण के लिए जेई को निर्देशित किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें