सुल्तानपुर में विद्युत वितरण निगम का अजब कारनामा
गोसाईगंज (सुल्तानपुर)। एकमुश्त समाधान योजना के तहत लगाए जा रहे शिविर में विद्युत वितरण निगम का अजीबोगरीब कारनामा प्रकाश में आया है। एक आवेदक का बिना कनेक्शन किए ही निगम ने उसे उपभोक्ता करार देते हुए 381 रुपये का बिजली बिल भेज दिया। मामला उजागर होने के बाद निगम के अधिकारी मामला दबाने में जुटे हैं।प्रकरण केएनआई उपकेंद्र के बसौढ़ी गांव का है। गांव निवासी दिलीप कुमार की पत्नी नीलू मिश्रा ने अपने नए मकान में विद्युत संयोजन के लिए आवेदन किया था। निगम की ओर से एस्टीमेट के मुताबिक अपने खाते में करीब 45 हजार रुपये आवेदक से जमा कराया गया। इसके बाद विद्युत निगम की ओर से खंभा और केबल खींचा जाना था। उपभोक्ता ने खंभा व केबल खींचने के लिए अधिकारियों के कई चक्कर लगाए। इसके बाद भी खंभा आज तक नहीं लगाया गया और न ही केबल खींची गई। आवेदक को बिना कनेक्शन दिए वितरण निगम ने 381 रुपये का बिल थमा दिया। अभी तक केबल व खंभा लगवाने के लिए परेशान आवेदक को अब फर्जी बिल को लेकर दौड़भाग करनी पड़ रही है। प्रकरण में केएनआई के एसडीओ कुमार विकल्प ने बताया कि आवेदक के यहां प्रोविजनल बिल आ गया होगा। विद्युत संयोजन कराकर उसे दुरुस्त करा दिया जाएगा।