जयसिंहपुर (सुल्तानपुर)। स्थानीय विकास क्षेत्र में आठ नए स्वास्थ्य उपकेंद्रों की मंजूरी मिली है। शासन से हरी झंडी मिलने के बाद इनके संचालन की कवायद तेज हो गई है। जयसिंहपुर विकास क्षेत्र में 89 ग्राम पंचायतें हैं। जनसंख्या लगभग दो लाख 30 हजार है। विकास क्षेत्र में अभी 30 उपकेंद्र संचालित हैं। आठ नए उपकेंद्रों की मंजूरी के बाद स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं नजदीक ही मिल सकेंगी। नए उपकेंद्र मसीरपुर, अठैसी, बगियागांव, अर्जुनपुर, चोरमा, सुरौली, भभोट, माधवपुर छतौना गांव में स्थापित होंगे। इन केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं और पांच वर्ष तक के बच्चों की देखभाल, टीकाकरण, पोलियो ड्रॉप समेत अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। यहां एएनएम की तैनाती होगी, जो स्वास्थ्य संबंधी जिम्मेदारी निभाएंगी। अभी ये केंद्र किराए के मकान में संचालित होंगे।