सुल्तानपुर। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की पढ़ाई लिखाई के स्तर का आकलन किया जाएगा। निपुण भारत मिशन के तहत 18 व 19 अक्तूबर को कक्षा एक से आठ तक के सभी बच्चों का ओएमआर शीट पर निपुण असेसमेंट टेस्ट (नैट) कराया जाएगा।
जिस विद्यालय के बच्चे कमजोर मिलेंगे, वहां के शिक्षक की जवाबदेही तय करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता व स्तर को सुधारने पर जोर दिया जाएगा। टेस्ट के पहले बच्चों को ओएमआर शीट भरना सिखाया जाएगा।
जिले के 2064 परिषदीय स्कूलों के कुल 2,34,065 बच्चे निपुण असेसमेंट टेस्ट में प्रतिभाग करेंगे। इसमें कक्षा एक से पांच तक 1,67,005 व छह से आठ तक 67060 बच्चे पंजीकृत हैं। टेस्ट में कक्षा एक से तीन तक के बच्चों का भाषा व गणित, चार से पांच के बच्चों का गणित, अंग्रेजी व पर्यावरण अध्ययन और कक्षा छह से आठ तक के बच्चों का गणित, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान व विज्ञान विषय में आकलन किया जाएगा।
डेढ़ घंटे की होगी परीक्षा
जिला समन्वयक प्रशिक्षण अपेक्षा त्रिपाठी ने बताया कि परीक्षा अधिकतम एक घंटा 30 मिनट का होगी। इसमें 10 मिनट में बच्चों को प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट भरने के बारे में समझाया जाएगा। 60 मिनट में बच्चे प्रश्नों को हल करेंगे। 20 मिनट प्रश्न पत्र हल करने के बाद बच्चों से ओएमआर शीट में सही उत्तर को सही गोले को भरा जाएगा।
सरल एप का होगा प्रशिक्षण
ओएमआर शीट को सरल एप पर अपलोड करने व परीक्षा की अन्य जानकारियों के लिए शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। परीक्षा में बच्चों की भागीदारी बढ़े, इसके लिए अभिभावक व विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों के साथ बैठक भी की जाएगी।
पर्यवेक्षक तैनात किए जाएंगे परीक्षा की सुचिता व पारदर्शिता के लिए प्रत्येक विद्यालय पर एक-एक पर्यवेक्षक तैनात किए जाएंगे। पर्यवेक्षक उसी विकास खंड के दूसरे विद्यालय के सहायक अध्यापक होंगे।- उपेंद्र गुप्ता, बेसिक शिक्षा अधिकारी सुल्तानपुर।