जिला अस्पताल में मास्क लगाकर मरीज देखते चिकित्सक।
सुल्तानपुर। कोरोना की लहर के अंदेशे के बाद शासन से शुक्रवार को गाइडलाइन जारी कर दी गई है। गाइडलाइन मिलते ही स्वास्थ्य विभाग हाई अलर्ट पर है। जिला अस्पताल की ओपीडी से लेकर सीएचसी व पीएचसी तक चिकित्सक मास्क लगाकर मरीजों को देखते मिले। वहीं इससे आम लोग अब भी बेपरवाह हैं।
शनिवार को भी जिला अस्पताल के ओपीडी संख्या पांच में डॉ. राम धीरेंद्र मास्क लगाकर मरीजों को देखते मिले। आयुर्वेद विंग में डॉ. राघवेंद्र सोनकर और डॉ. एसके श्रीवास्तव भी मास्क लगाकर मरीजों को देखते मिले।
ओपीडी में चिकित्सक दो गज की दूरी का पालन करते दिखे। कल तक जहां मरीजों की भीड़ लगी रहती थी, वहीं शनिवार को एक-एक मरीज को बुलाकर देखते मिले। मात्र एक चिकित्सक ही मरीजों को बिना मास्क के देखते मिले। दूसरी तरफ आम लोग न तो सामाजिक दूरी और न ही मास्क लगाए दिखे।
सीएमओ डॉ. डीके त्रिपाठी ने बताया कि कोरोना के बढ़ते केस को देखते हुए शासन ने जरूरी सतर्कता बरतने का आदेश जारी किया है। शासन ने जांच के लिए प्रयोगशालाओं को सक्रिय करने, जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए लखनऊ भेजने का निर्देश दिया है।
इसके साथ ही फ्रंटलाइन वर्कर, निगरानी समिति, सर्विलांस, रैपिड रिस्पांस टीम को सक्रिय रखते हुए निजी व सरकारी चिकित्सालयों में कार्मिकों को दोबारा प्रशिक्षण दिलाने का निर्देश भी दिया है। विदेश से आने वाले यात्रियों की जांच, भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर मास्क का प्रयोग व सामाजिक दूरी बनाए रखने का भी निर्देश दिया है।