सुल्तानपुर। आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के धीमे निस्तारण के चलते जिला रैंकिंग में दो अंक पीछे चला गया है। प्रदेश में शिकायतों के निस्तारण की हुई मासिक रैंकिंग में जिला 20वें स्थान से फिसल कर 22वें स्थान पर पहुंच गया है।
जिले में मार्च में समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली के तहत मुख्यमंत्री ऑनलाइन, शासन, भारत सरकार, राजस्व परिषद, जिलाधिकारी कार्यालय समेत अन्य संदर्भों से प्राप्त 6577 शिकायतें दर्ज हुई थीं। विभिन्न संदर्भों से प्राप्त शिकायतों में माह बीतने तक 5115 प्रकरणों को निस्तारित करने का दावा अधिकारियों की ओर से किया गया है।
अभी मार्च की 1462 शिकायतों का निस्तारण नहीं हो सका है। मार्च के अंतिम दिनों में विभिन्न संदर्भों की 1462 शिकायतों का निस्तारण न हो पाना अधिकारियों के लिए भारी पड़ा है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्ति की वजह से शिकायतों के निस्तारण में कुछ कमी आई है। इनमें से ज्यादातर शिकायतें मार्च के अंतिम दिनों में दर्ज हुई हैं। आगे रैंकिंग में सुधार किया जाएगा।