सुल्तानपुर। सदर तहसील में बृहस्पतिवार से महाविद्यालयों को स्मार्ट फोन वितरित किए जाएंगे। फोन प्राप्त करने के बाद विद्यालयों के प्राचार्य व प्रबंधक अपने यहां उसे छात्रों को वितरित करेंगे। वितरण के बाद उसकी रिपोर्ट जिला प्रशासन को उपलब्ध करानी पड़ेगी।
स्वामी विवेकानंद योजना के तहत आवेदन करने वाले स्नातक के मेधावी छात्रों को स्मार्ट फोन उपलब्ध कराने के लिए शासन ने जिले को अभी तक करीब 28 हजार स्मार्ट फोन उपलब्ध कराए हैं। पहली किस्त में मिले फोन का वितरण होने के बाद शासन की ओर से शेष फोन उपलब्ध कराए जाएंगे।
सदर तहसील में 104 महाविद्यालयों को बृहस्पतिवार से फोन का वितरण किया जाएगा। वितरण के लिए सदर तहसील में पांच काउंटर बनाए गए हैं। पांचों काउंटर पर एक-एक टीम लगाई गई है। नोडल अधिकारी/अपर जिलाधिकारी वित्त मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि वितरण की मॉनीटरिंग के लिए एक टीम गठित की गई है।
बताया कि फोन प्राप्त करने के लिए महाविद्यालयों के प्राचार्य व प्रबंधकों को बुलाया गया है। प्रबंधक व प्राचार्यों को स्मार्ट देकर उनका वितरण विद्यालयों के छात्रों में कराया जाएगा। बताया कि महाविद्यालयों को जल्द ही छात्रों में स्मार्ट फोन वितरित करने का निर्देश दिया गया है। कहीं मोबाइल डंप पाए जाने पर कार्रवाई होगी।